LIVE नगर पालिका चुनाव: मोहल्लों में खुले चुनावी कार्यालय, वार्ड 1 से 5 तक कहीं सीधी तो कहीं बहुकोणीय टक्कर

ललित चावला बिजौलिया | 06 Sep 2026

मोहल्लों में खुले चुनावी कार्यालय, वार्ड 1 से 5 तक कहीं सीधी तो कहीं बहुकोणीय टक्कर

CNX डिजिटल की एक्सक्लूसिव वार्ड वाइज रिपोर्ट: जातीय समीकरण, स्थानीय मुद्दे और निर्दलीय प्रत्याशी बदल सकते हैं चुनावी तस्वीर

बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर बिजौलिया में चुनावी सरगर्मी अब चरम पर पहुंचने लगी है। प्रत्याशियों ने घर-घर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अलग-अलग मोहल्लों में चुनावी कार्यालय खोलकर कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनानी शुरू कर दी है। 25 वार्डों वाली नगर पालिका में अब मुकाबला लगातार रोचक होता जा रहा है। कहीं भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है। वार्ड वाइज एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में वार्ड 1 से 5 तक चुनावी समीकरण, प्रमुख प्रत्याशी और स्थानीय मुद्दों पर नजर डालते हैं।

वार्ड 1: यादव, भील और मीणा वोटर तय करेंगे जीत-हार

वार्ड 1 एसटी महिला के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा की मंजू देवी भील और कांग्रेस की निरमा मीणा के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी सुमन मीणा और रुक्मा भी मैदान में हैं। इस वार्ड में इंदिरा कॉलोनी के यादव बाहुल्य मतदाता तथा केसुविलास क्षेत्र के भील और मीणा परिवारों की भूमिका अहम मानी जा रही है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी है। 

वार्ड 2: माया देवी और कविता जैन में सीधी टक्कर

वार्ड 2 की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। बालाजी चौराहा से विंध्यवासिनी मंदिर वाली लाइन, मुख्य बाजार तथा इसके पीछे बसी बस्तियां इस वार्ड का हिस्सा हैं। यहां भाजपा ने माया देवी शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस से कविता जैन चुनाव लड़ रही हैं। दोनों के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं और अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं निर्दलीय प्रत्याशी नीतू कंवर और मोना मेघवाल की मौजूदगी से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। बाजार क्षेत्र से जुड़े इस वार्ड में व्यक्तिगत संपर्क और प्रत्याशियों की स्थानीय पकड़ चुनाव परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

वार्ड 3: हॉट सीट पर चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

वार्ड 3 को चुनाव की हॉट सीट माना जा रहा है। यह वार्ड महिला के लिए आरक्षित है। अशोक जैन के मकान से गायत्री पुस्तक भंडार, पटवार भवन, मारुति टॉकीज के पीछे की लाइन, वेटरनरी हॉस्पिटल के पीछे की बस्ती और वन विभाग के सामने वाली गली का क्षेत्र इसमें शामिल है। वार्ड में ब्राह्मण और जैन समाज के साथ अन्य समुदायों के मतदाता भी रहते हैं। भाजपा ने निशा जैन पर भरोसा जताया है, जबकि कांग्रेस ने साक्षी जैन सेठिया को प्रत्याशी बनाया है। 

मुकाबले को उस समय और रोचक बना दिया जब सुनीता जोशी और शिल्पा जैन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में ताल ठोक दी। चार प्रत्याशियों के मैदान में होने से यहां वोटों का बंटवारा चुनावी परिणाम को प्रभावित कर सकता है। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यालय खोल दिए हैं और कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। वार्ड में सभी प्रमुख प्रत्याशी मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं। यही कारण है कि इस सीट के परिणाम पर पूरे बिजौलिया की निगाहें टिकी हुई हैं।

वार्ड 4: भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला, निर्दलीय भी मैदान में

वार्ड 4 सामान्य वर्ग के लिए है। झूलेलाल मंदिर के नजदीक स्थित मोहल्ला तथा बीएसएनएल कार्यालय के सामने वाली बस्ती इस वार्ड का हिस्सा है। यहां भाजपा ने स्नेहा तिवारी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने दीपक जैन पर दांव खेला है। दोनों के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। वार्ड में मुस्लिम और हरिजन बस्ती के मतदाताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। दोनों प्रत्याशियों ने अपने चुनावी कार्यालय खोल दिए हैं। समर्थक और कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी  भी मैदान में है। स्थानीय समीकरणों और व्यक्तिगत संपर्क के आधार पर इस वार्ड का चुनाव परिणाम किसके पक्ष में जाएगा, इसे लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।

वार्ड 5: सिर्फ 270 वोटर, लेकिन मुकाबला बेहद अहम

वार्ड 5 में एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित बस्ती शामिल है। यहां नाली और सड़क प्रमुख स्थानीय मुद्दे बताए जा रहे हैं। वार्ड में विकास के मुद्दे पर चुनावी माहौल बनता दिखाई दे रहा है। इस वार्ड में मतदाताओं की संख्या महज 270 है। कम मतदाता संख्या होने के बावजूद दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव में पूरी ताकत लगा रखी है। यहां सिर्फ दो प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा ने श्रवण खटीक को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने निर्मल मेहर पर भरोसा जताया है। दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होने से एक-एक वोट की अहमियत बढ़ गई है। वार्ड में सड़क और नाली जैसी बुनियादी समस्याएं चुनावी मुद्दा बनी हुई हैं। अब देखना होगा कि मतदाताओं का फैसला किस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है और वार्ड 5 का पार्षद कौन बनता है।

बिजौलिया नगर पालिका के शुरुआती पांच वार्डों की चुनावी तस्वीर देखें तो वार्ड 1 में जातीय समीकरण, वार्ड 2 में सीधा भाजपा-कांग्रेस मुकाबला, वार्ड 3 में बहुकोणीय और हाई-वोल्टेज मुकाबला, वार्ड 4 और 5 में प्रत्याशियों के बीच सीधी लड़ाई देखने को मिल रही है। अब प्रत्याशियों का घर-घर संपर्क अभियान तेज होने के साथ चुनावी समीकरण भी तेजी से बदल सकते हैं। आने वाले दिनों में किस प्रत्याशी की पकड़ मजबूत होती है और कौन मतदाताओं का भरोसा जीतने में सफल रहता है, इसका असर चुनाव परिणाम पर साफ दिखाई देगा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news