LIVE कहीं जातीय गणित तो कहीं निर्दलीय का झटका! : वार्ड 11 से 15 में किसके सिर सजेगा जीत का ताज?
ललित चावला बिजौलिया | 08 Sep 2026
वार्ड 11 में त्रिकोणीय टक्कर से बिगड़ा खेल, 15 में 180 जैन वोटरों पर टिकी निगाहें
बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर CNX डिजिटल की एक्सक्लूसिव वार्ड-वाइज रिपोर्ट में आज नजर वार्ड 11 से 15 तक के चुनावी समीकरण, प्रत्याशियों की स्थिति, जातीय गणित और स्थानीय मुद्दों पर। इन पांच वार्डों में कहीं प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने चुनावी गणित को पेचीदा बना दिया है।
वार्ड 11: एससी सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला, निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं समीकरण
वार्ड 11 में करीब 530 मतदाता हैं और यहां 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिका भवन के नजदीक स्थित यह वार्ड मेड़तिया भवन से रैगर मोहल्ला, खटीक मोहल्ला होते हुए ललित नलवाया के मकान से पालिका चौक तक की बस्ती को कवर करता है। वार्ड में खटीक समाज के करीब 180 मतदाता हैं, जिसके चलते भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर इस वोट बैंक पर टिकी हुई है। भाजपा ने नरेंद्र खटीक और कांग्रेस ने मुकेश खटीक को मैदान में उतारा है। निर्दलीय गोविंद खटीक की एंट्री ने चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। खटीक समाज के वोटों में बंटवारा होने की स्थिति में इसका सीधा असर दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों पर पड़ सकता है। वहीं वार्ड में रैगर समाज के करीब 145 मतदाता हैं।
इस समाज से निर्दलीय राधेश्याम रैगर (पुरण रैगर का भाई) के चुनाव मैदान में होने से मुकाबला और रोचक हो गया है। लोगों की निगाहें रैगर समाज के वोटों पर भी टिकी हुई है। इसके अलावा दिनेश मेघवंशी भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। करीब 50 सामान्य वर्ग के मतदाता भी इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में वार्ड 11 में जीत का रास्ता किस प्रत्याशी के लिए आसान होगा, यह मतदान के अंतिम दौर तक स्पष्ट नहीं है।
वार्ड 12: ओबीसी सीट पर भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला, निर्दलीय बढ़ा रहे चुनौती
वार्ड 12 में करीब 400 मतदाता हैं। ओबीसी सीट पर भाजपा ने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष शेखर चंद्रवाल की पत्नी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सोनी शेट्टी की पत्नी मोनिका सोनी पर भरोसा जताया है। छाई बाई के बालाजी से शुरू होने वाला यह वार्ड रवि गेस्ट हाउस, पथिक पार्क होते हुए सरकारी हॉस्पिटल तक जाता है। इसके बाद बारी के अंदर तेली मोहल्ले को कवर करते हुए भाजपा नेता इमरान के घर की लाइन, फूटा कोर्ट से बाहर होते हुए सब्जी मंडी तक का क्षेत्र इसमें शामिल है। वार्ड का जातीय गणित भी चुनाव को रोचक बना रहा है।
यहां तेली और माली समाज के करीब 100-100 मतदाता बताए जा रहे हैं, जबकि मुस्लिम समाज के करीब 70 मतदाता हैं। इसके अलावा अन्य समाजों के मतदाता भी चुनावी नतीजे में भूमिका निभाएंगे। माली समाज से संजू कुमारी सेनी और मीना देवी के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने से प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के सामने वोटों के बंटवारे की चुनौती खड़ी हो गई है।
वार्ड 13: सामान्य सीट पर चार प्रत्याशी, जैन-मुस्लिम वोट बैंक पर नजर
वार्ड 13 सामान्य सीट है और यहां करीब 550 मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। इस वार्ड में कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा ने नेता पंकज विजय की पत्नी किरण विजय को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र जैन भाया की पत्नी आशा देवी जैन पर भरोसा जताया है। वहीं आम आदमी पार्टी से सोशल मीडिया इन्फ्लूएंजर रिंकी गॉड और श्याम लाल लखारा भी चुनाव मैदान में हैं।
वार्ड का क्षेत्र नीम की हताई, छीतर कुम्हार, कोतवाल भवन से सुनारों की गली होते हुए लाल बड़ली, बजों की गली, मस्जिद, फूटा कोर्ट, हर्षेंद्रा कंवर के मकान से बड़ा दरवाजा तक फैला हुआ है। जातीय समीकरण की बात करें तो यहां जैन समाज और मुस्लिम समाज के करीब 150-150 मतदाता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा स्वर्णकार, कुम्हार, लखारा और विजयवर्गीय समाज के मतदाता भी चुनावी नतीजे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। डोर-टू-डोर संपर्क के साथ मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की जा रही है।
वार्ड 14: 650 मतदाताओं वाली सामान्य सीट, राजघराने की प्रत्याशी ने बढ़ाई दिलचस्पी
वार्ड 14 सामान्य श्रेणी की सीट है और यहां करीब 650 मतदाता हैं। वार्ड में कोली मोहल्ला, चित्तौड़ा गली, सालम बिहारी मंदिर से मदन दमामी की गली तक का क्षेत्र शामिल है। चुनाव में कोली समाज के करीब 130 मतदाता निर्णायक भूमिका में माने जा रहे हैं। इसके अलावा मेहर, श्वेतांबर जैन, रावना राजपूत और दमामी समाज के मतदाताओं पर भी प्रमुख दलों की नजर है। इस सीट पर भाजपा ने राज परिवार की हर्षेंद्रा कंवर राठौड़ को मैदान में उतारा है, जिससे वार्ड 14 के चुनाव ने खासा ध्यान आकर्षित किया है। कांग्रेस ने रामसिंह राणावत पर भरोसा जताया है। वहीं युवा आयुष शर्मा और महेश सिंह सोलंकी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। प्रत्याशी मतदाताओं को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। रोड शो, बैनर-पोस्टर और जनसंपर्क के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश जारी है। ऐसे में वार्ड 14 का परिणाम चुनाव के सबसे दिलचस्प नतीजों में शामिल हो सकता है।
वार्ड 15: ओबीसी सीट पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, 180 जैन मतदाता निर्णायक
वार्ड 15 ओबीसी के लिए आरक्षित सीट है और यहां करीब 400 मतदाता हैं। इस सीट के चुनाव परिणाम पर भी राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों की खास नजर है। भाजपा ने वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश सोनी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने समाजसेवी राम स्वरूप मेवाड़ा की पुत्रवधु एवं विशाल मेवाड़ा की पत्नी भूमिका सुवालका पर भरोसा जताया है। दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने चुनाव कार्यालय खोलकर प्रचार तेज कर दिया है। वार्ड में लाल बड़ली से गढ़ पैलेस होते हुए योगेश पुरोहित वाली गली, रमेश श्रोतीय और पांडेरियो वाली गली, बरतिरिया मोहल्ला, बगड़ा मोहल्ला से उंडेश्वर महादेव वाली लाइन का क्षेत्र शामिल है। वार्ड का चुनावी गणित काफी दिलचस्प है। यहां जैन समाज के करीब 180 मतदाता हैं, जिन पर दोनों प्रमुख दलों की नजर है। इसके अलावा रावना राजपूत समाज के करीब 50, ब्राह्मण समाज के 25 से 30 तथा स्वर्णकार समाज के मतदाता भी चुनावी नतीजे में उलटफेर करने की क्षमता रखते हैं। कुल मिलाकर वार्ड 15 में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच दिखाई दे रहा है, लेकिन छोटे-छोटे सामाजिक समीकरण और मतदाताओं का रुझान जीत-हार का अंतर तय कर सकता है।
11 सितंबर को होगा फैसला
वार्ड 11 से 15 तक के चुनावी समीकरणों को देखें तो पांचों वार्ड में अलग-अलग सामाजिक और स्थानीय मुद्दे प्रभावी नजर आ रहे हैं। कहीं निर्दलीय प्रत्याशी प्रमुख दलों के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं तो कहीं जातीय समीकरण जीत-हार का आधार बन सकते हैं। अब प्रत्याशियों की नजर अंतिम दिनों के जनसंपर्क और मतदाताओं के रुख पर टिकी है। 11 सितंबर को मतदान के बाद ही साफ होगा कि मतदाताओं ने किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाया।
बिजौलिया नगर पालिका चुनाव की वार्ड-वाइज ग्राउंड रिपोर्ट के लिए जुड़े रहिए CNX डिजिटल के साथ।