कल होगी मतगणना: सुबह 8 बजे से 5 राउंड में होगी 25 वार्डों की मतगणना, दोपहर तक आएंगे सभी नतीजे
ललित चावला बिजौलिया | 13 Sep 2026
बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव में 11 सितंबर को हुए मतदान के बाद अब परिणाम का इंतजार खत्म होने वाला है। बिजौलिया नगर पालिका के 25 वार्डों की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुरू होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि दोपहर तक सभी वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए जाएं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने बताया कि 25 वार्डों की मतगणना कुल 5 राउंड में पूरी कराई जाएगी। प्रत्येक राउंड में 5 वार्डों के मतों की गिनती होगी। इस तरह पांचों राउंड में सभी 25 वार्डों का परिणाम सामने आ जाएगा।
एक वार्ड की काउंटिंग में करीब 15 मिनट का अनुमान
प्शासन के अनुसार प्रत्येक वार्ड की वोट काउंटिंग में करीब 15 मिनट का समय लग सकता है। इसी हिसाब से पांच राउंड में मतगणना पूरी होने के बाद दोपहर तक सभी वार्डों के चुनाव परिणाम आने की पूरी संभावना है। हालांकि मतों की संख्या और प्रक्रिया के दौरान लगने वाले समय के अनुसार परिणाम के समय में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
सुबह 6 बजे पहुंचेगी मतगणना टीम
एसडीएम शर्मा ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया के लिए गठित टीम सुबह करीब 6 बजे मतगणना स्थल पर पहुंच जाएगी। इसके बाद आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं पूरी कर मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद रहेंगी।
प्रत्याशी या एक प्रतिनिधि को ही प्रवेश
मतगणना स्थल पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी अथवा उसके एक अधिकृत प्रतिनिधि को ही मौजूद रहने की अनुमति होगी। इसके लिए प्रत्याशियों को एसडीएम कार्यालय में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद मतगणना दिवस की सुबह संबंधित प्रत्याशी या प्रतिनिधि को पास आवंटित किए जाएंगे।
13,153 मतदाताओं में से 84.68% ने किया था मतदान
गौरतलब है कि बिजौलिया नगर पालिका के 25 वार्डों में पार्षद पद के लिए 11 सितंबर को मतदान हुआ था। नगर पालिका क्षेत्र में कुल 13,153 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 84.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अब इन मतों की गिनती के साथ ही 25 वार्डों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। बिजौलिया नगर पालिका में पार्षदों के परिणाम के बाद राजनीतिक समीकरण भी स्पष्ट होंगे। नगर पालिका चेयरमैन का पद महिला अनारक्षित वर्ग के लिए आरक्षित है।